Saturday, May 22, 2010

संकल्प

एक खत
एक प्रणाम
कबूतर उड़ाने वाले
लाल देश के नाम
कि तुम्हारे कबूतर
अच्छे लगे
खूबसूरत लगे
सच्चे लगे
उसी प्रकार से
जैसे गांव की
बड़ी हवेली से
होने वाला
गीता का पाठ
रामायण और भजन
अच्छा लगता है
लेकिन
रात के अंधेरे में
जब बड़ी हवेली के भीतर
कोई राक्षस
गौरैया खाता है
हमारा मन
सिहर जाता है
सोचता है
कल मरने वाली
गौरैया
हमारे घर की
लाज है
लेकिन
बड़ी हवेली के लिए
एक सामान्य बात है
रामायण और भजन भी
गौरैया का भोजन भी
लेकिन साथी
आप तो
गौरैया के साथी हो
सुबह के दीप की
लाल बाती है
आप कबूतर की जगह
बाज उड़ाते
आपके बाज
हमारे घर आते
हमको समझाते
और किसी दिन
एहसास
कराने के लिए ही
बड़ी हवेली की
एकाध गौरैया खा जाते
लेकिन साथी
मैं जानता हूं
होना और सोचना
दोनों दो दिशाएं हैं
मैं जानता हूं
नदी के किनारे
केवल थपेड़े खाए हैं
फिर भी घबराते नहीं हैं
सोचते हैं
समझते हैं
धीरे- धीरे
दूसरों को भी
समझाते हैं
कि किसी दिन
हम एक साथ
मुठि्ठयां बांधेंगे
फिर बड़ी हवेली में
नाचेंगे, गाएंगे
और अपनी तरह
पीडि़त लोगों के नाम
कबूतर की जगह
बाज उड़ाएंगे
कबूतर की जगह
बाज उड़ाएंगे।

परिचय

पता फिलहाल का लिखना है तो जहान लिखो।

मेरा स्थायी पता नीला आसमान लिखो ।।

जाति इंसान लिखो, काम लिखो याराना,

धर्म लिखना है तो धीरेंद्र का ईमान लिखो।।